गुरुग्राम। सरकार द्वारा चलाए जा रहे कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत अब तक जिले में 6 लाख 49 हजार 671 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। इसमें से 5 लाख 7 हजार 256 लोगों ने कोरोना टीके की पहली डोज व 1 लाख 42 हजार 415 लोगों ने दूसरी डोज भी ले ली है। इसके साथ ही गुरूग्राम जिला टीकाकरण के मामले में शुरुआत से ही प्रदेश में पहले पायदान पर बना हुआ है।
जिला उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने बताया कि जिले में अब तक कोरोना वैक्सीन की 6 लाख 49 हजार 671 डोज लगाई जा चुकी हैं। वैक्सीनेशन के कार्य को सुचारू ढंग से चलाने के लिए जिले में अलग-अलग स्थानों पर सरकारी केंद्रों व निजी अस्पतालों में टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। टीकाकरण अभियान के तहत जिले में अब तक 59,191 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज तथा 37,161 को दूसरी डोज भी लगाई जा चुकी है। इसी प्रकार, 51,213 फ्रंटलाइन वर्कर्स कोरोना वैक्सीन की पहली तथा 36,001 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज भी दी जा चुकी है।
18-44 आयु के 88 हजार को दी गई डोज
इसके साथ ही 18 से 44 आयु वर्ग में 88,080 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। 45 से 59 साल आयु वर्ग के गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को पहली व दूसरी डोज मिलाकर कुल 2 लाख 37 हजार 586 डोज लगाई जा चुकी हैं। इसी प्रकार 60 वर्ष से अधिक आयु के 1 लाख 52 हजार 900 लोगों को पहली तथा 60 हजार 701 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी जा चुकी है। वहीं, 18-44 आयु वाले टीका लगवाने के लिए आरोग्य सेतु ऐप का भी प्रयोग कर सकते हैं।