सेक्टर-56 थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज, पुलिस कर रही मामले की जांच
- मृतक मजदूर के शव का बुधवार को होगा पोस्टमार्टम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-56 स्थित निर्माणाधीन इमारत में बेसमेंट की दीवार गिरकर एक मजदूर की मौत मामले में पुलिस ने मंगलवार को ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। ठेकेदार की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गांव बोलिया पांडे गांव निवासी शिवपुकार गिरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सेक्टर-56 थाने में धारा 105, 125, 223 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया कि सेक्टर-56 के प्लाट नंबर ई-26/7 में निर्माणाधीन इमारत की बेसमेंट में काम चल रहा है। प्लॉट के निर्माण का ठेका शिवपुकार गिरी ने कुछ समय पहले लिया था। यहां पिछले 10 दिन से कई मजदूर बेसमेंट की खोदाई व दीवार निर्माण का काम कर रहे थे। श्रमिकों के परिवार वालों ने आरोप लगाए हैं कि ठेकेदार ने बेसमेंट में खोदाई व दीवार के निर्माण के दौरान पर्याप्त रोशनी व सुरक्षा के प्रबंध नहीं किए गए थे। सोमवार की देर शाम को भी मजदूर बेसमेंट में अंधेरे में काम कर रहे थे। बेसमेंट में सुरक्षा उपकरणों और प्रबंधन में कमी के कारण दीवार व मिट्टी ढहने का हादसा हुआ है।
निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट में दीवार व मिट्टी ढहने से दबे कई मजदूरों को फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की टीम ने बाहर निकालकर अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने मुंगेर (बिहार) के गालिमपुर गांव निवासी बादल (22) को मृत घोषित कर दिया था। वहीं, घायल मजदूरों गोविंद, रोशन व सागर अस्पताल में उपचाराधीन हैं। इस मामले में पुलिस की जांच में ठेकेदार द्वारा ग्रेप-3 के नियमों का उल्लंघन करने, समय पूरा होने के बाद भी अंधेरे में काम कराने और सेफ्टी का पर्याप्त प्रबंध न करने की बात सामने आई।
जांच अधिकारी जगबीर सिंह ने बताया कि ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की छानबीन की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। मृतक मजदूर के परिवार वाले मंगलवार देर शाम तक गुरुग्राम पहुंच जाएंगे। बुधवार को परिवार वालों के बयान दर्ज किए जाएंगे और शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।