लिफ्ट, पार्किंग, लाइब्रेरी और मनोरंजन क्षेत्र समेत अन्य के इंतजाम होंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी के सेक्टर-9 में 24.93 करोड़ रुपये की लागत से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की तरफ से बनाए जा रहे पांच मंजिला छात्रावास का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस छात्रावास में लिफ्ट, पार्किंग, लाइब्रेरी और मनोरंजन क्षेत्र समेत अन्य के इंतजाम होंगे। करीब दो साल में इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
इसके पूरा होने से दूसरे क्षेत्रों से काम करने के लिए शहर में आ रही महिलाओं को रहने के लिए एक सुरक्षित स्थान मिल सकेगा। मौजूदा समय में विभाग की तरफ से वहां पर फाउंडेशन का काम किया जा रहा है। पहली मंजिल के लिए पिलर को खड़ा कर दिया गया है।
सरकार ने सिविल लाइंस में कामकाजी महिला हॉस्टल बहुत पहले बनवाया था और उस समय कुल 40 कमरे बनाए गए थे। ऐसे में जरूरत के अनुसार यह आवास महिलाओं के लिए कम पड़ रहा है और जर्जर हो चुका है।
करीब एक एकड़ में पांच मंजिला भवन में करीब 198 बेड का प्रावधान किया जाएगा। भवन में लिफ्ट लगी होगी। इसके अलावा मनोरंजन कक्ष, डे-केयर, रोगी कक्ष, पुस्तकालय और भोजन कक्ष का प्रावधान होगा। ग्राउंड फ्लोर पर स्वागत कक्ष/प्रतीक्षा कक्ष, क्लॉक रूम, भोजनालय व किचन की सुविधा होगी। दूसरी मंजिल पर रोगी कक्ष, डे केयर, लाइब्रेरी और गतिविधियां, मनोरंजन क्षेत्र, स्टोर और अन्य कमरे होंगे। पार्किंग में स्टिल्ट में 16 कारें और खुली पार्किंग में 37 कारें पार्क होंगी।