लोगों को खेल और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी
नंबर गेम - 25 लाख रुपये किए जा रहे खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर क्षेत्र के वार्ड नंबर-16 में लोगों को जल्द नई सुविधाएं मिलने वाली हैं। निगम की ओर से यहां बैडमिंटन कोर्ट और होली दहन स्थल की बाउंड्री बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को खेल और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
नगर निगम इस योजना पर करीब 25 लाख रुपये खर्च कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसे अगले तीन से चार महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में खेल सुविधाओं की कमी थी। बैडमिंटन कोर्ट बनने से बच्चों और युवाओं को खेलने के लिए बेहतर स्थान मिलेगा। इससे युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा और वे अपना समय सकारात्मक गतिविधियों में लगा सकेंगे।
इसके अलावा होली दहन स्थल के चारों ओर बाउंड्री बनाई जा रही है। इससे त्योहारों और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा होगी। बाउंड्री बनने से स्थल की पहचान भी स्पष्ट होगी और वहां अतिक्रमण व गंदगी की समस्या पर भी रोक लगेगी।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैडमिंटन कोर्ट बनने से युवाओं को खेल का अच्छा मंच मिलेगा, जबकि होली दहन स्थल का विकास होने से धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा।
नगर निगम के अनुसार परियोजना पूरी होने के बाद वार्ड-16 के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं में और सुधार होगा।
क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराएं जा रहे हैं वार्ड नंबर 16 में बैडमिंटन कोर्ट का कार्य शुरू कर दिया गया है, इसको 3 से 4 महीने में काम पूरा करा लिया जाएगा। -दया राम, पार्षद वार्ड नंबर 16, नगर निगम मानेसर