4.31 करोड़ होंगे खर्च, तीन महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर में हयातपुर से ढाणा तक करीब छह किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। इस सड़क पर लगभग 4 करोड़ 31 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे करीब 3 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव ने पार्षदों के साथ मिलकर नारियल फोड़कर इस काम की शुरुआत की। यह सड़क वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों के अनुसार बनाई जा रही है। इस सड़क के बनने से वार्ड 3, 4, 5, 6 और 7 के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे हजारों लोगों की आवाजाही आसान होगी और आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी भी बेहतर हो जाएगी। सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ और टाइल्स भी लगाई जाएंगी। प्रवीण यादव ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाएगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एजेंसी को निर्देश दिए कि मानसून को ध्यान में रखते हुए काम तय समय में पूरा किया जाए।
नगर निगम के कार्यकारी अभियंता सुशील ठाकरान ने बताया कि सभी सड़कें सीएक्यूएम के नियमों के अनुसार बनाई जा रही हैं और निर्माण के दौरान पर्यावरण मानकों का भी ध्यान रखा जाएगा, ताकि प्रदूषण कम रहे। इस मौके पर कई पार्षद भी मौजूद रहे और उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की निगरानी की बात कही।