निगम जल्द शुरू करेगा मलबे के लिए प्रोसेसिंग प्लांट
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर के कई इलाकों में निर्माण और तोड़फोड़ का मलबा जमा होने से गंदगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि खाली जगहों पर लगातार सीएंडडी वेस्ट डाला जा रहा है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। मानेसर की अरावली घाटी में काफी मात्रा में निर्माण मलबा जमा है। वहीं, आईएमटी के बांस गांव में भी खाली जगहों पर निर्माण सामग्री और मलबा डाला जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब दो-तीन साल पहले एक छोटी जगह पर कचरा डालना शुरू हुआ था। धीरे-धीरे यह गंदगी पूरे इलाके में फैल गई। स्थानीय निवासी राकेश यादव ने बताया कि अब पूरा इलाका कचरे के ढेर में बदल गया है। लोगों का आरोप है कि यहां निर्माण मलबे के साथ घरेलू कचरा भी डाला जा रहा है।
मानेसर निवासी गुलबीर सिंह ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर निगम में कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि नगर निगम को जल्द इन जगहों से मलबा हटाना चाहिए और यहां कचरा डालने पर रोक लगानी चाहिए, ताकि इलाके में गंदगी कम हो और लोगों को राहत मिल सके। निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने बताया कि इस प्लांट का काम तय समय पर पूरा किया जाएगा ताकि अगले साल जनवरी से इसे शुरू किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण में अच्छी गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए।