विभागीय जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-37 थाना में महिला एएसआई व सिपाही के बीच मारपीट हो गई। खेड़कीदौला थाना पुलिस ने महिला एएसआई के बयान पर सिपाही के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। पुलिस आयुक्त के आदेश पर विभागीय जांच के बाद सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है। कमिश्नरेट में यह घटना चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-37 थाना में एक केस पर चर्चा के दौरान महिला एएसआई और सिपाही प्रवेश में बहस हो गई। जिसके बाद उसे गुस्सा आ गया और उसने महिला एएसआई को पीट दिया। महिला एएसआई की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस आयुक्त ने सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश देते हुए उसे पुलिस लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि थाना सेक्टर-37 में महिला एएसआई जब अपने कार्य में व्यस्त थी तो थाना सेक्टर-37 में ही तैनात सिपाही प्रवेश ने उनके साथ गाली गलौज व मारपीट की। इस घटना पर सिपाही प्रवेश के खिलाफ धारा 323, 509 के तहत केस दर्ज कर उसको लाइन हाजिर किया गया है।