गुरुग्राम। स्टेशनरी लेकर दिल्ली से गुरुग्राम आए एक कंपनी कर्मी ने पानी के धोखे में जहरीला पदार्थ निगल लिया। मुंह से खून आने के साथ ही बेहोश होने पर दुकानदार ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। मामला 2 जनवरी का है। इलाज के बाद सोमवार को होश आने पर न्यू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान लेकर केस दर्ज कर लिया।
मूल रूप से छत्तीसगढ़ निवासी समीर विश्वास (50) दिल्ली के गोविंदपुरी क्षेत्र में परिवार समेत किराए पर रहते हैं और नेहरू प्लेस दिल्ली की एक कंपनी में कार्यरत हैं। गत 2 जनवरी को वह कंपनी की गाड़ी से फोटोस्टेट के पेज की 40 पेटी लेकर न्यू कॉलोनी स्थित एक दुकान पर आया था। दुकान के पास बेसमेंट में सामान उतारने के बाद गाड़ी वापस चली गई जबकि वह रुक गया। प्यास लगने पर समीर ने बेसमेंट में रखे जग से पानी पिया।
समीर ने पुलिस को बताया कि पानी का एक घूंट पीते ही उसके मुंह व पेट में जलन होने लगी। कुछ ही देर में उसके मुंह से खून आ गया और वह बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में दुकानदार ने उसे सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसकी हालत देखते ही दिल्ली रेफर कर दिया जहां उसे सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के परामर्श के बाद सोमवार को समीर के बयान लेकर केस दर्ज किया गया।