सरकार अब तक अस्पताल के बेड ही तय नहीं कर पाई : पंकज डावर
अब स्वास्थ्य मंत्री ने 400 बेड का अस्पताल बनाने की है घोषणा, पहले 700 का था
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला नागरिक अस्पताल के निर्माण मामले में कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा काे घेरा है। कांग्रेस का कहना है कि पहले 700 बेड का अस्पताल बनाने की घोषणा की गई थी और अब स्वास्थ्य मंत्री 400 बेड की बात कर रही हैं। कांग्रेस का कहना है कि सरकार अब तक नागरिक अस्पताल के बेड ही तय नहीं कर पाई हैं तो निर्माण कब होगा।
कांग्रेस के जिला प्रधान-शहरी पंकज डावर का कहना है कि प्रदेश सरकार ने जिला नागरिक अस्पताल भवन को तोड़कर नया अस्पताल बनाने की योजना करीब छह साल पहले तैयार की थी लेकिन अभी तक यह योजना सिरे चढ़ नहीं सकी है। बीते लोकसभा और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाया था। कांग्रेस इस मामले को लगातार उठाती रहती है। पंकज डावर का कहना है कि साल 2019 के बजट में की गई घोषणा के बाद अगस्त 2024 में सिविल लाइंस क्षेत्र में मुख्यमंत्री की ओर से 700 बेड के अस्पताल के निर्माण की आधारशिला रखने की बात कही गई थी। डिजाइन भी सरकार ने मंजूर कर लिया था। अस्पताल की छत पर हेलिकॉप्टर तक उतारने के दावे किए गए थे। 10 मंजिला का अस्पताल बनाने की घोषणा करके गुरुग्राम की जनता को बड़ा सपना दिखाया गया था। 700 बेड से पहले 500 बेड का अस्पताल बनाने की बातें सरकार की ओर से कही गई थी। अब स्वास्थ्य मंत्री 400 बेड का अस्पताल बनाने की बात कह रही हैं। सेक्टर-65 में भी 300 बेड का एक मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की बात कही गई थी।
सरकार एक बड़ा अस्पताल बनाने के बजाय शहर के अलग-अलग एरिया में तीन अस्पतालों का निर्माण कराने की योजना पर काम कर रही है। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है और लगातार जनता नकार रही है।
- सर्वप्रिय त्यागी, जिला प्रधान शहरी भाजपा