फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: रघुनंदन का साइबर सिटी वासियों ने किया अभिनंदन

विज्ञापन
विज्ञापन
प्राण प्रतिष्ठा का जगह-जगह किया गया लाइव प्रसाण, शहर के मंदिरों, बाजारों और सोसाइटियों में हुए कार्यक्रम
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। ऐसा आध्यात्म, इतनी सजावट, इतने भंडारे, इतनी रामधुन, हवन की इतनी सुगंध जिससे पूरा शहर महकने लगा हो, अब से पहले किसी त्योहार पर यह सब नहीं देखा गया। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर गुरुग्राम शहर जैसे अयोध्या बन गया हो। अयोध्या में राम मंदिर में हो रही प्राण प्रतिष्ठा को गुरुग्राम के निवासियों ने सबसे बड़े त्योहार के रूप में मनाया। लोगों ने दिल खोलकर रघुनंदन का अभिनंदन किया।
सुबह हवन, भजन-कीर्तन, फिर अयोध्या से प्राण प्रतिष्ठा का लाइव, जगह-जगह भंडारे, मंदिर से लेकर बाजार और घराें में फूलों की सजावट, केसरिया गुब्बारों की सजावट, दीपमालाएं ऐसे जलाई गईं जैसे जीवन की सबसे बड़ी दिवाली हो। शहर के बाजारों, मंदिरों, सोसाइटियों हर जगह एक ही जयकारा गूंज रहा था... एक ही नारा एक ही नाम जय श्रीराम जय श्रीराम। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूजा संपन्न की और अयोध्या में श्रीरामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई तो लोग श्रीराम के जयकारे लगाने लगे।
विज्ञापन

यह जयकारे आइनॉक्स में अयोध्या से श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण देखने वालों ने भी लगाए। सोसाइटियों में अखंड रामचरित मानस और सुंदरकांड का पाठ हुआ। भजन कीर्तन पर लोग ऐसे मंत्रमुग्ध होकर नाचे जैसे श्रीराम गुरुग्राम आए हों। ऐसी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास शहर में पहले कभी नहीं देखा गया।
1008 वेदियों पर किया गया यज्ञ
ताऊ देवी लाल स्टेडियम में 1008 वेदियां बनाकर सोमवार सुबह यज्ञ और हवन किया गया। लोगों ने अलग-अलग बैठकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ किया। यहां एक बड़ी स्क्रीन पर अयोध्या से लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्ण कालिक प्रचारक पवन जिंदल रहे। इस मौके पर श्रीराम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।


जय श्रीराम के नारों से गूंजा संकट मोचन मंदिर
सदर बाजार स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा की अध्यक्षता में लाइव प्रसारण और भजन कीर्तन के कार्यक्रम हुए। यहां लोगों ने जमकर नारे लगाए। जैसे ही स्क्रीन पर श्रीरामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के बाद नजर आई वैसे ही लोगों ने नारे लगाने शुरू कर दिए। यहां बाजार आने वाले लोग काफी संख्या में एकत्र हो गए थे। रामलीला स्टेज पर ऊपर राम दरबार दिख रहा था। साथ में हनुमान जी की मूर्ति और इसी के नीचे स्क्रीन पर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण चल रहा था।


शीतला माता मंदिर में यज्ञ, हवन,भंडारा
शीतला माता मंदिर में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मंदिर के मुख्य प्रशासक और कार्यकारी अधिकारी यज्ञदत्त शर्मा, शीतला माता श्राइन बोर्ड के सदस्य राम सज्जन सिंह,ब्रह्म प्रकाश कौशिक, अजीत बेनीवाल, अधीक्षक दयाचंद आदि ने हिस्सा लिया। अयोध्या से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मंदिर परिसर में लगाई गई एक बड़ी एलईडी स्क्रीन पर किया गया। हवन के बाद देशी घी का प्रसाद बांटा गया। कार्यक्रम में मुख्य पुजारी जय भगवान शर्मा, जुगल किशोर, देवानंद मुदगिल, हनुमत प्रसाद तिवारी आदि द्वारा विधि विधान से यज्ञ और हवन किया गया।

सेक्टर-84 के नंदका प्रोजेक्ट पर रामचरितमानस का पाठ
सेक्टर 84 स्थित गंगा रियल्टी के प्रोजेक्ट नंदका में रविवार से दो दिवसीय रामचरितमानस का पाठ आयोजित किया जा रहा था। इस अखंड रामचरितमानस के पाठ में काफी संख्या में लोग एकत्रित हुए। सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया गया।कार्यकारी निदेशक नीरज के मिश्रा ने कहा कि मौके पर ही बड़ी स्क्रीन लगाकर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव दिखाया गया।


सेक्टर चार और पांच के राम मंदिरों में यज्ञ, हवन
सेक्टर चार और सेक्टर पांच के राम मंदिरों में सुबह हवन पूजन के बाद स्क्रीन पर अयोध्या से लाइव प्रसारण देखने काफी संख्या में लोग जुटे। यहां फूलों से जय श्रीराम लिखी रंगोली बनाई गई थीं। शाम में मंदिर को दीप मालाओं से सजाया गया। सेक्टर चार स्थित मंदिर में आरपी शर्मा, पुजारी शशि बिंद पाठक, पंडित जय नाथ तिवारी, अजय पाठक ने यज्ञ कराया। मंदिर को दीप मालाओं से लोगों ने आकर सजाया।


सोसाइटियों में भजन-कीर्तन
सेक्टर 104 स्थित जारा आवास, सेक्टर 47 स्थित रेल विहार, सेक्टर 79 मैप्सको माउंटविले, सेक्टर 82 स्थित वाटिका की सोसाइटियों में लाइव स्क्रीन पर अयोध्या से प्रसारण दिखाया गया। इन सोसाइटियों में कहीं अखंड रामचरित मानस तो कहीं सुंदर कांड के पाठ का आयोजन भी किया गया था। सोसाइटियों में सुबह से जश्न का माहौल था। लोगों ने अपने घरों को सजाया था। रेल विहार सोसाइटी के 50 बच्चों ने श्रीराम के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मैप्सको माउंटविले में काफी संख्या में लोगों ने रविवार से सोमवार तक अखंड रामचरित मानस का पाठ किया। सेक्टर 48 स्थित विपुल वर्ल्ड सोसाइटी के ए ब्लाॅक के लोगों ने सुबह प्रभातफेरी निकाली और इसके बाद हवन, भजन कीर्तन किया फिर अयोध्या से लाइव प्रसारण देखा। सेक्टर 46 स्थित ग्रीनवुड सिटी के लोगों ने काफी उत्साह से कलश यात्रा, भजन कीर्तन और लाइव प्रसारण का आनंद लिया।


रामलीला कमेटी ने निकाली कलश यात्रा
दुर्गा रामलीला कमेटी की ओर से जैकबपुरा में महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। इस यात्रा में रामलीला के पात्रों ने झांकियां निकाली। काफी संख्या में महिलाएं इसमें शामिल हुईं। यह शोभा यात्रा भजन कीर्तन के साथ शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरी।
विज्ञापन



22000 दीयों से बनाई राम मंदिर की आकृति
नखड़ौला के शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी स्मृति स्टेडियम में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण किया गया। इससे पहले हवन और भजन कीर्तन किया गया। यहां लोगों ने मिलकर 22000 दीयों से राम मंदिर की आकृति बनाई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिद्धार्थ यादव रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें