शनिवार को पुलिस कर सकती है महिला के बयान दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सूर्या विहार के एस-40 में गला दबाकर बेटी की हत्या करने व खुद की गर्दन पर तेजधार हथियार से चोट पहुंचाने वाली महिला नेहा की हालत में सुधार हुआ है। महिला का उपचार सेक्टर-51 स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
सेक्टर-9 थाने की पुलिस डॉक्टरों से आरोपी महिला के बारे में सलाह ले रही है। संभावना है कि शनिवार तक महिला बयान दे सके। हालांकि डॉक्टरों की सलाह के बाद ही महिला के बयान दर्ज किए जाएंगे। बता दें कि पति आधार शर्मा के साथ रहने की जिद में हुए झगड़े के बाद 5 अप्रैल को महिला नेहा ने सोमवार शाम अपनी करीब दो साल की बेटी अनिका का गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद आत्महत्या करने के इरादे से धारदार हथियार से खुद का गला काट लिया था। घटना के दौरान नेहा का पति आधार शर्मा अपनी कंपनी में ड्यूटी पर था। पति आधार शर्मा के बयान पर थाना पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
वर्जन
घायल महिला नेहा के स्वास्थ्य के बारे में लगातार डॉक्टरों से अपडेट ली जा रही है। उसके स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पूछताछ में ही बेटी की हत्या करने व खुद की गर्दन पर वार करने के सही कारणों का पता चल सकेगा।
-अवतार सिंह, इंस्पेक्टर व प्रभारी, सेक्टर-9 थाना, गुुरुग्राम