गुरुग्राम। डाइट में तीन दिवसीय कौशल आधारित कार्यशाला के दूसरे बैच का शनिवार को समापन हुआ। इसमें रेवाड़ी और पलवल के कला शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी एवं डाइट प्रिंसिपल सुमिता रांगी ने किया।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने कला प्रदर्शनी लगाई। इसका अवलोकन डाइट प्रभारी पृथ्वीराज और वरिष्ठ प्राध्यापक तख्त सिंह चौहान ने किया। पृथ्वीराज ने कहा कि कला राष्ट्र की पहचान और अमूल्य धरोहर है। प्रदर्शनी में प्राचीन सभ्यताओं को कला के माध्यम से दर्शाया गया। उन्होंने कहा कि कला विषय को व्यवसाय से जोड़ना जरूरी है, ताकि विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार रोजगार का विकल्प चुन सकें। तख्त सिंह चौहान ने कहा कि कला शिक्षकों में प्रतिभा की कमी नहीं है। प्रदर्शनी ने इसका प्रमाण दिया है। शिक्षकों को अपनी प्रतिभा विद्यार्थियों तक पहुंचानी चाहिए। कला के क्षेत्र में स्व-रोजगार की भी काफी संभावनाएं हैं। कार्यशाला के सफल आयोजन में नोडल एवं मास्टर ट्रेनर राजेश खन्ना, सुनीता रानी, प्रीति सैनी, पूनम, पूजा, प्रदीप, संदीप और राजकुमार का योगदान रहा।