पीजी, गेस्ट हाउस, कार्यालय, क्लिनिक और जिम पर हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने डीएलएफ फेज-2 में रिहायशी मकानों में चल रही अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन अभियान चलाते हुए एक दिन में 22 संपत्तियों को सील कर दिया। इन संपत्तियों में पीजी, गेस्ट हाउस, कार्यालय, क्लीनिक और जिम जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल थे।
विभागीय जांच में सामने आया कि कई रिहायशी मकानों के बेसमेंट और अन्य मंजिलों पर बिना निर्धारित अनुमति के व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। कुछ संपत्तियों में स्वीकृत क्षेत्र से अधिक हिस्से का भी व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा था। बृहस्पतिवार को भी विभाग ने चार इमारतों को सील किया था। जिला नगर योजनाकार (एनफोर्समेंट) अमित मधोलिया ने बताया कि सीलिंग अभियान शनिवार को भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह डीएलएफ फेज-2 के अन्य ब्लॉकों में भी निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान गुलमोहर मार्ग स्थित मकान नंबर 49 में अंतारा वेलनेस सेंटर के बेसमेंट में चल रहे क्लीनिक को सील किया गया। आकाशनीम मार्ग के मकान नंबर 19 में संचालित दंत चिकित्सा केंद्र पर भी कार्रवाई हुई। दक्षिण मार्ग पर मकान नंबर डीएम-14 में 12 कमरों वाले ओयो होटल को सील किया गया। इसी मार्ग पर डीएम-12 में जिम और कार्यालय तथा डीएम-10 में स्टिल्ट, बेसमेंट और पहली से तीसरी मंजिल तक संचालित कार्यालयों पर भी कार्रवाई हुई।
डीएम-7 में दुकानें, कार्यालय और पीजी सील किए गए। डीएम-13 में गेस्ट हाउस और डीएम-6 में आयुर्वेदिक पंचकर्म केंद्र पर कार्रवाई हुई। डीएम-5 में जनरल स्टोर और सब्जी की दुकान को भी सील किया गया। इसके अतिरिक्त, के-3/1 में आठ कमरों में संचालित पीजी और के-2/1 में फिजियोथेरेपी क्लीनिक पर भी कार्रवाई की गई।