बस को छोड़कर चालक मौके से भागा, गुलमोहर फार्महाउस के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-90 में बृहस्पतिवार को मोटरसाइकिल पर जा रहे दोस्तों को बस ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों दोस्तों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मूलरूप से चरखी दादरी के फौगाट गांव निवासी अनिरुद्ध और सांवड़ गांव निवासी अतुल के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से भाग गया। जांच अधिकारी एएसआई कृष्ण ने बताया कि बस गुरु द्रोणाचार्य इंजीनियरिंग कॉलेज की है। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया गया है। बस मालिक को नोटिस दिया जा रहा है। अनिरुद्ध के पिता की शिकायत पर सेक्टर- 10 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सतेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उनका बेटा अपने दोस्त अतुल के साथ यदुवंशी स्कूल से सेक्टर-90 चौक की तरफ जा रहे थे। मोटरसाइकिल अतुल चला रहा था और अनिरुद्ध पीछे बैठा था। सेक्टर-93 में गुलमोहर फार्म हाउस के पास सामने से आ रही बस के चालक ने तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए मोटरसाइकिल में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। राहगीरों ने उन्हें निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गाड़ी की टक्कर से युवक घायल
गुरुग्राम। वजीराबाद गांव में ढानी चौक पर रविवार को सड़क की दूसरी तरफ जा रहे युवक को तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल के पिता की शिकायत पर सेक्टर-53 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला औरैया के राजनदासपुर गांव निवासी नीरज कुमार ने बताया कि उनके बेटा सेक्टर-52ए में ब्लिंकिट कंपनी के स्टोर में काम करता है। रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे जब बेटा कंपनी से बाहर आकर सड़क के दूसरी तरफ जा रहा था तो तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मार दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद