घुटनों के पुराने दर्द के मामले तेजी से बढ़े
नागरिक अस्पताल में ऐसे मरीजों की संख्या में इजाफा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में पारा लगातार गिरने के साथ ही लोगों की सेहत पर असर दिखने लगा है। ठंड के कारण गठिया रोगियों की परेशानी बढ़ गई है। नागरिक अस्पताल की ओपीडी में आने वाले मरीजों में से लगभग 50 फीसदी लोग जोड़ और मांसपेशियों के दर्द, सूजन और अकड़न की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार ठंड में घुटनों के पुराने दर्द के मामले तेजी से बढ़े हैं। कई युवा भी पुरानी चोटों के दर्द से परेशान हैं।
इसी के साथ वायरल बुखार के मरीज भी लगातार बढ़ रहे हैं। गले में खराश, तेज बुखार, बदन दर्द और कमजोरी सामान्य लक्षण बताए जा रहे हैं। प्रदूषण का स्तर बढ़ने से अस्थमा और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की स्थिति और बिगड़ गई है। अस्पताल में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ी है जिन्हें सीने में जकड़न, सांस लेने में तकलीफ और सूखी खांसी की शिकायत थी। कुछ मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती कर ऑक्सीजन सपोर्ट दिया जा रहा है। चिकित्सकों ने ठंड में सावधानी, नियमित दवा सेवन और प्रदूषण से बचाव की सलाह दी है।
इन दिनों बढ़ती ठंड की वजह से कमर और घुटनों के दर्द के मरीज बढ़ गए हैं। कई मरीजों में सीने में दर्द और जकड़न की समस्याएं भी देखी जा रही हैं। तापमान गिरने से जोड़ों की कठोरता, मांसपेशियों में खिंचाव और सांस संबंधी दिक्कतें बढ़ जाती हैं। कोशिश करें कि पूरी बाजू के कपड़े पहनें।
-
डाॅ नवीन, सीनियर मेडिकल अधिकारी, नागरिक अस्पताल