- नहीं हुई मृत चालक की पहचान, पांच साल पहले मालिक ने बेच दिया था ऑटो
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सदर थाना क्षेत्र में हंस एन्क्लेव के सामने दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर 27 अप्रैल की देर रात 2 बजे सीएनजी ऑटो में आग लग गई। सूचना मिलने पर नाहरपुर रूपा चौकी की पुलिस और सेक्टर-29 फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल टीम ने पानी का छिड़काव करके ऑटो में लगी आग को बुझाया। पुलिस ने ऑटो चालक को झुलसी हालत में पाया तो उसे एंबुलेंस से सेक्टर-5 स्थित निजी अस्पताल में पहुंचाया। मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृत चालक की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 1.45 बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सीएनजी ऑटो में आग लग गई। देर रात हाईवे पर वाहनों की संख्या कम होती है। ऐसे में ऑटो में आग पर कोई चालक को बचाने नहीं आया होगा।
पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि ऑटो चालक नशे में तो नहीं था जिस कारण वह ऑटो से नहीं उतर पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस मृत चालक की पहचान करने में जुटी है।
अर्जननगर में एक मकान पर पंजीकृत है ऑटो
पुलिस की जांच में सामने आया कि ऑटो अर्जुननगर के मकान के पते पर वर्ष 2018 में पंजीकृत है। पूछताछ में पता चला कि जिस व्यक्ति के नाम ऑटो है, वह करीब पांच साल पहले ही गुरुग्राम छोड़कर जा चुका है और उसने दूसरे को ऑटो बेच दिया था। हालांकि अभी भी ऑटो उसी के नाम पर है। नाहरपुर रूपा के प्रभारी एसआई अनिल ने बताया कि ऑटो मालिक से बात की गई तो पता चला वह कई साल पहले ही बिहार जा चुका है। ऑटो कितनी बार बिका है व वर्तमान में किसके पास था, इसके बारे में उसे जानकारी नहीं है।
ऑटो यूनियन से चालक का पता लगा रही पुलिस
मृत ऑटो चालक की पहचान करने के लिए पुलिस ऑटो यूनियन से जानकारी ली जा रही है। यूनियन पदाधिकारियों व चालकों से ऑटो के पंजीकरण नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है। ऑटो चालक एक-दूसरे को जानते हैं, ऐसे में चालक के बारे में जानकारी मिल सकती है।
वर्जन
मृत ऑटो चालक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। जांच की जा कर रही है कि ऑटो में किस वजह से आग लगी थी। संभावना है कि सीएनजी सिलिंडर फटने से आग लगी होगी।
-महेंद्र, एएसआई व जांच अधिकारी, नाहरपुर रूपा चौकी।