शहीद को अर्पित की श्रद्धांजलि, परिजनों को बंधाया ढांढस
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए जवान विकास राघव को श्रद्धांजलि अर्पित करने मुख्यमंत्री नायब सैनी सोमवार को उनके पैतृक गांव दोहला में पहुंचे। शहीद के घर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने उनको श्रद्धांजलि दी और परिवारजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार शहीदों के परिवार के साथ सदा खड़ी है। शहीद विकास राघव ने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद जवानों के परिवार के साथ प्रदेश सरकार पूरी संवेदना के साथ खड़ी है। केंद्र सरकार आतंकियों से सख्ती के साथ निपट रही है। देश की सीमा पर तैनात हमारे जवान आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। इस मौके पर खेल मंत्री संजय सिंह, पूर्व विधायक तेजपाल तंवर, भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव, रामबीर भाटी, महेश चौहान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
संवाद