संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह जिला सचिवालय के बाहर जिले भर के लिपिक कर्मचारियों द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल की गई। सरकार की वादाखिलाफी व 35400 वेतनमान की मांग को लेकर कर्मचारियों में रोष देखने को मिला। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार ने अपने वादे को पूरा नहीं किया है, इसलिए लिपिकों द्वारा प्रत्येक जिला स्तर पर कलम छोड़ हड़ताल करने पर मजबूर होना पड़ा है। नूंह जिला सचिवालय के बाहर बैठे जिले भर के सभी लिपिक वर्ग के कर्मचारियों ने कहा कि सरकार लिपिकों की वेतनमान बढोतरी की मांग पूरी करे। उन्होंने कहा कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जाती, यह हड़ताल जारी रहेगी। लिपिक कर्मचारियों का कहना है कि अपनी मांगों को लेकर कई बार संतरी से लेकर मंत्री तक मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक इसका कोई समाधान नहीं निकाला गया है। बलजीत सिंह जिला प्रधान नूंह ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। कर्मचारी सरकार से नाराज हैं। जिसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा।
फोटो- हड़ताल पर बैठे लिपिक कर्मचारी।