जेई की रिपोर्ट में दो फुट मिट्टी जमा होने की बात, मुख्य अभियंता करेंगे मौका मुआयना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। लेग-2 बरसाती नाले की सफाई मुख्य अभियंता के मौका मुआयना करने के बाद की जाएगी। सफाई के लिए बने एस्टीमेट में नाले के कुछ भाग में दो फीट मिट्टी जमा होने के बात की गई है। आशंका है कि एस्टीमेट बनाने में लापरवाही की गई है।
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) अब शहर के प्रमुख नालों की सफाई कराने की योजना तैयार कर रहा है ताकि अगले साल बारिश से पहले नालों को साफ किया जा सके। इसी के तहत मास्टर स्टॉर्म वाटर ड्रेन (एसडब्ल्यूडी) लेग-2 सुपर मार्ट सेक्टर-27 से शुरू होता और नजफगढ़ ड्रेन में मिलता है। यह नाला सेक्टर 29/41, सिग्नेचर टावर एनएच-48, अतुल कटारिया चौक, शीतला माता रोड, अशोक विहार, रेलवे कल्वर्ट नंबर 50, गांव धरमपुर और सेक्टर 107 सहित महत्वपूर्ण शहरी क्षेत्रों को पार करता है। इसमें सेक्टर-27, सिग्नेचर टावर से अतुल कटारिया तक सफाई कराने की योजना है। नाले की सफाई में दो फीट मिट्टी जमा होने की बात की गई है, इसके अनुसार सफाई का भारी भरकम बजट तैयार किया गया है। इसे मंजूरी के लिए मुख्य अभियंता के पास भेजा गया था।
नाले की सफाई कराने की योजना है। हालांकि, रिपोर्ट में दो फीट मिट्टी जमा होने की बात कही गई है। नाले का मौका मुआयना किया जाएगा, इसके बाद ही नाले की सफाई की तय एस्टीमेट को मंजूरी दी जाएगी। -आरएस जांगड़, मुख्य अभियंता, जीएमडीए