मानेसर। मानेसर औद्योगिक क्षेत्र में मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नालों की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) की ओर से यह कार्य तेजी से कराया जा रहा है। निगम ने औद्योगिक क्षेत्र के सभी आठ सेक्टरों में नालों की सफाई का अभियान शुरू किया है।
अधिकारियों का कहना है कि मानसून आने से पहले सभी नालों की पूरी तरह सफाई कर ली जाएगी, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी में कोई दिक्कत न हो। पिछले काफी समय से इन नालों की नियमित सफाई नहीं हो पाई थी, जिसके कारण हल्की बारिश में भी सड़कों पर पानी भर जाता था। जलभराव की वजह से वाहन चालकों और फैक्टरियों में काम करने वाले कर्मचारियों को आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। कई जगहों पर पानी जमा होने से सड़कें भी खराब होने लगी थी। एचएसआईआईडीसी के एजीएम राजीव गोयल ने बताया कि सफाई कार्य को ठीक से पूरा किया जा रहा है और हर सेक्टर की निगरानी की जा रही है। उनका कहना है कि कोशिश है कि बारिश शुरू होने से पहले पूरा सिस्टम दुरुस्त कर दिया जाए, ताकि औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव की समस्या खत्म हो सके और आवाजाही सुचारू बनी रहे। संवाद