परिषद ने दिया एक वर्ष का ठेका, 40 लाख रुपये होंगे खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना नगरपरिषद ने जलभराव की समस्या से निपटने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए परिषद ने नालों की सफाई कराना शुरू कर दिया है। परिषद उक्त कार्य पर करीब 40 लाख रुपये की राशि खर्च करेगी। वहीं परिषद अधिकारियों का दावा है कि इस वर्ष जलभराव की समस्या से लोगों को पूर्ण रूप से निजात मिल जाएगी।
स्थानीय नगरपरिषद ने मानसून आने से पूर्व ही नालों की सफाई करानी शुरू कर दी है। जिसके लिए परिषद ने एजेंसी को ठेका छोड़ दिया है। जिस पर करीब 40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं एजेंसी ने ठेका मिलते ही नालों की सफाई करानी शुरू कर दी है। सोहना कस्बे में बरसाती मौसम में बस स्टैंड मार्ग, अस्पताल मार्ग, फव्वारा चौक, फ्रेंड्स काॅलोनी, पुरानी सब्जी मंडी व अन्य स्थानों पर बरसात का पानी कई फुट तक जमा हो जाता है। इसके अलावा बरसात के मौसम में बरसाती पानी लोगों की दुकानों में भी घुस जाता है। जिससे हर वर्ष व्यापारियों का लाखों रुपये का नुकसान हो जाता है।
एजेंसी संचालक लाला त्यागी ने बताया कि वर्क आर्डर मिलते ही नालों की सफाई का कार्य शुरू करा दिया गया है, जो वर्ष भर चलेगा। किसी भी नाले को सफाई के बगैर छोड़ा नहीं जाएगा। सफाई निरीक्षक हरीश मेहता ने बताया कि एजेंसी ने नालों की सफाई करानी शुरू कर दी है। उक्त ठेका पूरे वर्ष के लिए दिया गया है।