गुरुग्राम। नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि इंडस्ट्रियल एसोसिएशन अपने यहां काम करने वाले कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करे। कर्मचारियों को उद्योगों के अंदर भी गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग डालने की जानकारी दे। नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर बनाने में सभी का सहयोग अपेक्षित है। उक्त कथन आयुक्त आयुष सिन्हा ने गुरुवार को मानेसर इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन और सेक्टर-1 के लोगों के साथ बैठक के दौरान व्यक्त किए। आयुक्त ने कहा कि फिलहाल मानेसर क्षेत्र में लोगों की अपेक्षा के अनुसार सफाई नहीं हो रही है। पिछले दो सालों से यहां डोर टू डोर कूड़ा उठाने का काम बंद है। अगले दो महीने के भीतर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में परिवर्तन देखने को मिलेगा। घरों से कूड़ा उठाने की प्रक्रिया के तहत सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है। टेंडर अप्रूवल के लिए मुख्यालय भेजा गया है। जल्द ही अप्रूवल मिलते ही मानेसर में सफाई व्यवस्था को बेहतर करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की ओर से कुछ समस्याएं रखी गईं। ब्यूरो