पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल ने यथास्थिति बनाए रखने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिला बार एसोसिएशन में अध्यक्ष पद के लिए चल रहे विवाद में बार काउंसिल ऑफ पंजाब एवं हरियाणा ने शनिवार को यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दे दिया है। अब अगली सुनवाई छह मार्च को होगी। छह मार्च तक अध्यक्ष पद पर सीके शर्मा ही कार्य करेंगे।
29 जनवरी को चुनाव में निर्वाचित हुए निकेश राज यादव के इस्तीफे के बाद से पद को लेकर विवाद चल रहा है। उप प्रधान राहुल सांगवान की शिकायत पर बार काउंसिल ऑफ पंजाब एवं हरियाणा की स्पेशल कमेटी में सुनवाई हुई थी। काउंसिल ने शनिवार को सभी को अपना पक्ष रखने का समय दिया था। जिला बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राहुल सांगवान, सचिव राहुल धनखड़ और कोषाध्यक्ष तरुण कुमार दस्तावेज के साथ पेश हुए। शनिवार को इन तीनों पदाधिकारी के साथ ही चंद्रकांत शर्मा ने भी इस मामले में पक्षकार बनकर अपने अधिवक्ता के माध्यम से पक्ष रखा। अध्यक्ष पद के विवाद पर पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल ने शनिवार को सुनवाई की। पूर्व प्रधान कुल भूषण भारद्वाज ने बताया कि काउंसिल ने सभी पक्षों को सुनने के बाद इस मामले में यथा स्थिति बनाए रखने के आदेश देते हुए छह मार्च की तारीख दी है। तब तक के लिए प्रधान पद पर सीके शर्मा ही रहेंगे।