शीतला माता मंदिर में बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं श्रद्धालु, 24 घंटे खुला है दरबार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नवरात्र को लेकर शहर के मंदिर सज गए हैं। माता शीतला के मंदिर में जयकारे लग रहे हैं तो दूसरी ओर शहर के बाजार में कलश स्थापना और पूजन सामग्री की भरमार है। माता की चुन्नी, नारियल, हवन सामग्री, पूजन सामग्री, फल आदि की दुकानें सज गई हैं। चिंतपूर्णी मंदिर स्थित फूल बाजार में गेंदे, गुलदाउदी, गुलाब आदि के साथ पूजन के लिए कमल के फूल भी लाए गए हैं।
यहां पूजन सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है। शीतला माता का दरबार 24 घंटे के लिए खुला है। शीतला माता मंदिर में मंगलवार को कलश स्थापना और पहले नवरात्र की पूजा उपायुक्त निशांत कुमार यादव करेंगे। मंदिर के अधिकारी यज्ञ दत्त शर्मा ने बताया कि यह पूजा सुबह नौ बजे होगी। मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए पुख्ता इंतजाम कर दिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे से मंदिर के हर हिस्से का निरीक्षण किया जा रहा है। मंदिर परिसर में सोमवार को भी काफी संख्या में भक्तों ने माता के दर्शन किए।
अश्विनी नक्षत्र के साथ नवरात्र का दुर्लभ संयोग
आचार्य पुरोहित संघ के अध्यक्ष पं. अमर चंद भारद्वाज ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा होगी। इस साल नौ अप्रैल को अमृत सिद्धि योग बन रहा है।नक्षत्रों में पहला नक्षत्र अश्विनी नक्षत्र है। नवरात्र के पहले दिन मंगलवार को अश्विनी नक्षत्र का संयोग भी दुर्लभ संयोग है। ऐसा 30 साल बाद हुआ है।
कलश स्थापना के लिए सुबह 9 बजकर 12 मिनट से 10 बजकर 47 मिनट, इसके बाद अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11 बजकर 58 मिनट से दोपहर 12 बजकर 49 मिनट तक का समय शुभ है। नवरात्र 17 अप्रैल को राम नवमी की पूजा के साथ संपन्न होगा।