एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम लिमिटेड की टीम पहुंची गुरुग्राम, अतिरिक्त निगमायुक्त व ठोस कचरा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बंधवाड़ी कचरा निष्पादन प्लांट में कचरे से बनने वाले आरडीएफ से एनटीपीसी ग्रीन कोयला बनाएगा। इसको लेकर नगर निगम एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम लिमिटेड से करार करने जा रहा है। सोमवार को एनटीपीसी की टीम गुरुग्राम पहुंची और नगर निगम कार्यालय में अतिरिक्त निगमायुक्त डाॅ. बलप्रीत सिंह की अगुवाई में ठोस कचरा प्रबंधन कार्य से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की।
बताया गया कि नगर निगम की ओर से बंधवाड़ी कचरा निष्पादन प्लांट में कचरे से बनने वाले आरडीएफ से ग्रीन कोयला बनाने के लिए एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम लिमिटेड के प्रस्ताव को लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। आरडीएफ से ग्रीन कोयला तैयार करने का कार्य एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम लिमिटेड अपने खर्च पर करेगा। कंपनी को प्लांट लगाने के लिए जरूरत के हिसाब से नगर निगम भूमि उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर बैठक में एनटीपीसी की टीम और निगम अधिकारियों के बीच सहमति बनी है। आगे की कार्रवाई के लिए जल्द ही कंपनी की टीम बंधवाड़ी प्लांट का भी दौरा करेगी।
निगम अधिकारियों ने बताया कि एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम लिमिटेड द्वारा वाराणसी में प्लांट लगाया गया है, जो जल्द ही शुरू होने वाला है, जबकि ग्रेटर नोएडा, भोपाल व नोएडा में प्लांट लगाने की प्रक्रिया चल रही है। बैठक में एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम लिमिटेड से जीएम अमित कुलश्रेष्ठ व एजीएम विनय मलिक, नगर निगम के सलाहकार ओपी गोयल व शरद भटनागर तथा सहायक अभियंता राकेश जून मौजूद रहे।