फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: पसीने से तर-बतर शहर, राहत के आसार कम

विज्ञापन
विज्ञापन
मिलेनियम सिटी में बढ़ी गर्मी की मार, तापमान 38 डिग्री के पार
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मिलेनियम सिटी में गर्मी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है, सूरज की तपिश के कारण लोग पसीने से तर-बतर हो गए हैं। शुक्रवार को हुई बारिश से हल्की राहत मिली लेकिन शनिवार और रविवार को शहर का मौसम गर्म रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अब रात के समय भी गर्मी कम होने के बजाय बढ़ती नजर आ रही है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।



सुबह के समय आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जिससे कुछ देर के लिए मौसम सुहावना लगा लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया तेज धूप और गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। दोपहर तक सूरज की तपिश इतनी बढ़ गई कि बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
विज्ञापन




गर्म हवाओं ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी। लू जैसी स्थिति महसूस होने लगी, जिससे खासकर दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम नजर आई। जो लोग बाहर निकले, वे खुद को धूप से बचाने के लिए मुंह ढककर और सिर पर कपड़ा या टोपी पहनकर सफर करते दिखाई दिए। बढ़ते तापमान को देखते हुए डॉक्टर भी सलाह दे रहे हैं कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में गर्मी का असर अब तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
विज्ञापन


बदलते मौसम में खानपान और त्वचा की देखभाल जरूरी
गुरुग्राम। भीषण गर्मी और बदलते मौसम के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। आयुर्वेद के अनुसार, इस दौरान खानपान में सावधानियां बरतना बहुत जरूरी है। जिला आयुष विभाग की आयुर्वेद की डॉ. गीतांजलि अरोड़ा का कहना है कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही लोग दही का सेवन शुरू कर देते हैं लेकिन ठंडी समझी जाने वाली चीजों की तासीर गर्म होती है। गर्मी से बरसात तक इसका प्रयोग कम किया जाना चाहिए। हम ऐसा मानते हैं कि कोई शेक बहुत हेल्दी है लेकिन दूध के साथ फल का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। दोनों की प्रकृति अलग-अलग है। बच्चों को केले, आम, पपीता जैसे फलों को दूध के साथ शेक बनाकर देने के बजाय फल अलग से दें और दूध अलग दें। इस मौसम में नीम की पत्तियां चबाकर खाना, चिरायता भिगो कर पीना फायदेमंद साबित होगा। गर्मी बढ़ने के साथ पसीने के कारण त्वचा के इंफेक्शन खूब आते हैं। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज मेहता के अनुसार, साफ कपड़े पहनने, नहाने धोने और सफाई का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है। किसी और के कपड़े पहनने से बचा जाना चाहिए। डॉ. गीतांजलि के अनुसार, महिलाओं को इन मौसम यूटीआई (यूरीनरी ट्रैक इंफेक्शन) के मामलों में भी वृद्धि हो रही है इसके लिए साफ सफाई, पर्याप्त पानी पीना जरूरी है। अगर यूरीन इंफेक्शन हो जाए तो तत्काल डॉक्टर से संपर्क जरूरी है, इसे मौसम का असर समझकर नहीं टालें। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें