गुड़गांव रेलवे स्टेशन के बाहर खराब हुई बस, चरमराई यातायात व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुड़गांव रेलवे स्टेशन के बाहर रविवार सुबह उस समय यातायात व्यवस्था चरमरा गई, जब एक सिटी बस सड़क के बीचों-बीच खराब हो गई। सुबह 9.30 बजे बस के ब्रेक जाम हो गए, जिससे सड़क की एक लेन पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। करीब दो घंटे तक बस मौके पर खड़ी रहने से यात्रियों, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति यह हो गई कि पीछे आने वाली अन्य सिटी बसें भी आगे नहीं जा सकीं और कई निजी वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़े।
घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बस को ठीक करने का प्रयास किया गया, लेकिन तकनीकी खराबी दूर नहीं हो सकी। करीब 11:30 बजे के बाद क्रेन को बुलाया गया। इसके बाद बस को क्रेन की सहायता से बांधकर गैरेज ले जाया गया, तब जाकर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
यात्री सुमन देवी ने बताया कि रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकली थी, लेकिन बस के कारण काफी देर तक जाम में फंसी रही। ऑटो चालक मोहित यादव ने कहा कि सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह बंद हो गया है। पीछे से आने वाली बसें और अन्य वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। कई यात्रियों को बीच रास्ते उतरना पड़ा।