वेेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर हड़ताल पर गए थे जीएमसीबीएल सेक्टर-52 डिपो के चालक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर बृहस्पतिवार की सुबह जीएमसीबीएल सेक्टर-52 डिपो से संचालित होने वाली गुरुगमन सिटी बसों के चालक हड़ताल पर चले गए। इस कारण करीब 90 सिटी बसों का संचालन नहीं हुआ। हालांकि, जीएमसीबीएल प्रबंधन व टीसीआरपीएल एजेंसी के पदाधिकारियों ने चालकों से हड़ताल खत्म को लेकर बातचीत की। शाम करीब 4 बजे वेतन में 1500 रुपये बढ़ाने पर सहमति बनने पर चालकों ने हड़ताल खत्म की। इसके बाद विभिन्न रूटों पर सिटी बसों का संचालन शुरू किया गया।
सेक्टर-52 बस डिपो से संचालित होने वाली गुरुगमन सिटी बसों के लिए टीसीआरपीएल एजेंसी के माध्यम से चालकों को नियुक्त किया गया है। चालक पिछले काफी समय से वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे थे। हड़ताल पर बैठे चालकों के अनुसार, टीसीआरपीएल एजेंसी ने उनकी सैलरी में 2900 रुपये वेतन बढ़ाने के लिए कहा था। इस माह के वेतन के साथ दो माह के लिए कुल 5800 रुपये बढ़ोतरी की राशि जारी करनी थी। 10 जून को वेतन बढ़कर नहीं आया और न ही पिछले माह के बढ़े रुपये जोड़कर वेतन में भेजे गए, जिस कारण चालकों में रोष व्याप्त हो गया। सिटी बसों के चालकों ने वेतन वृद्धि, वर्दी भत्ता व अन्य मांगों को लेकर बृहस्पतिवार की सुबह ही हड़ताल शुरू कर दी। ऐसे में डिपो से सुबह 5.30 बजे के बाद संचालित होने वाली सिटी बसों को नहीं चलाया गया। सेक्टर-52 बस डिपो में 250 से अधिक चालक हैं, जबकि परिचालकों का किसी दूसरी एजेंसी से कांट्रैक्ट है। बृहस्पतिवार की सुबह चालकों की हड़ताल होने के कारण परिचालक भी डिपो परिसर में बैठे हुए हैं। सभी सिटी बसें सेक्टर-52 डिपो परिसर में ही खड़ी रहीं।
इन रूटों पर प्रभावित रही सिटी बस सेवा
सेक्टर-52 डिपो से गुरुग्राम के अलावा फरीदाबाद व बल्लभगढ़ में सिटी बसों का संचालन होता है। इनमें गुरुग्राम बस अड्डा से सोहना, मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से मारुति कुंज, मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से सोहना, मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से गुड़गांव रेलवे स्टेशन, मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से काकरौला-भांगरौला गांव, सेक्टर-56 मेट्रो से बादशाहपुर हाेते हुए वापस सेक्टर-56 मेट्रो, गुरुग्राम बस अड्डा से बेहलपा गांव, गुरुग्राम बस अड्डा से गैरतपुर बास और सेक्टर-56 मेट्रो स्टेशन से हीरो होंडा चौक तक सिटी बस सेवा बंद रही। इसके अलावा फरीदाबाद व बल्लभगढ़ में भी सिटी बसों को संचालन नहीं होने लोगों को सार्वजनिक परिवहन नहीं मिला।
सेक्टर-52 डिपों की सिटी बसों के चालकों व संबंधित एजेंसी के बीच वेतन बढ़ाने व अन्य मांगों को लेकर सहमति बनी है। इसके बाद शाम को हड़ताल खत्म करके सिटी बसों को रूटों पर भेजा गया है। बसों का चक्का जाम होने से दिनभर यात्रियों को सिटी बस नहीं मिली और जीएमसीबीएल को राजस्व का भी नुकसान हुआ है।
- नरेश कुमार, डिपो मैनेजर, जीएमसीबीएल डिपो सेक्टर-10