सेक्टर-29 स्थित लैजरवैली पार्क में रन4 राम मैराथन के दौरान आयोजित कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति दे?
- फोटो : Gurgaon
गुरुग्राम। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनवाने के लिए चल रहे निधि समर्पण अभियान के प्रति लोगों को और प्रेरित करने के लिए रविवार को शहर में ‘रन फॉर राम’ मैराथन का आयोजन किया गया। निधि समर्पण अभियान से ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को जोड़ने के लिए आयोजित मैराथन में करीब 1 हजार से ज्यादा लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
निधि समर्पण अभियान 27 फरवरी तक चलेगा। ‘रन फॉर राम’ मैराथन की शुरुआत सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क से हुई, जिसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) हरियाणा के प्रांत संघचालक पवन जिंदल ने झंडी दिखाकर रवाना किया। पूर्व में मिली सूचना के मुताबिक, मैराथन में हिस्सा लेने के लिए सुबह से ही लोग लेजर वैली पार्क पहुंचने लगे थे। सुबह 8 बजे तक सैकड़ों लोग पार्क के सामने जमा हो गए थे। इस दौरान जय श्रीराम का उद्घोष गुंजायमान होता रहा। मैराथन करीब 7 किलोमीटर लंबी थी, जिसमें जितने लोगों ने हिस्सा लिया, उतने ही लोग उत्साहपूर्वक उसको देखते भी नजर आए।
श्रीराम के आदर्शों को अपनाने की जरूरत : धनखड़
इस अवसर पर आरएसएस के प्रांत संघचालक पवन जिंदल ने कहा कि भगवान राम का मंदिर पूरी दुनिया में अनोखा होगा। 492 साल की लड़ाई के बाद यह दिन आया है, जब हम अपने आराध्य देव के मंदिर निर्माण जे लिए निधि समर्पण अभियान में जुटे हैं। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श को जीवन में अपनाने की जरूरत है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि राम मंदिर के निर्माण को लेकर चारों तरफ उत्साह दिखाई दे रहा है। यही उत्साह लोगों में भगवान के प्रति आस्था भी दिखा रहा है। इस अवसर पर हरियाणवी गायक एमडी, केडी व सुमित ने लोकगीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।