उद्योग मंत्री को सौंपा ज्ञापन, कट न होने के कारण लोगों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। गुरुग्राम-अलवर राष्ट्रीय राजमार्ग-248ए पर स्थित चुंगी नंबर-1 के पास बने रास्ते पर कट देने की मांग अब एक जन आंदोलन का रूप लेती जा रही है। पिछले एक साल से अपनी मांग को लेकर संघर्ष कर रहे सोहना के निवासियों ने रविवार को अपनी आवाज बुलंद की। स्थानीय नागरिकों ने प्रदेश के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि हाईवे के बीच में डिवाइडर होने और कट न होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे के दूसरी ओर जाने के लिए वाहन चालकों और किसानों को करीब 400 से 500 मीटर तक का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। सबसे गंभीर स्थिति स्कूली बच्चों की है जो समय बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर तेज रफ्तार वाहनों के बीच से हाईवे पार करते हैं। कई बार बच्चे और बुजुर्ग डिवाइडर को पार करने की कोशिश में दुर्घटना का शिकार भी हो चुके हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने यहां जाम से राहत के लिए एक फ्लाईओवर के निर्माण को मंजूरी दे दी है। हालांकि, शहरवासियों का तर्क है कि फ्लाईओवर बनने में लंबा समय लगेगा इसलिए उससे पहले यहां एक कट दिया जाना चाहिए ताकि दैनिक आवाजाही सुगम हो सके। वार्ड नंबर-20 और 21 के पार्षदों ने भी इस मुद्दे को नगर परिषद की बैठकों में उठाया है, जिसे विपक्षी नेताओं का भी पूरा समर्थन मिल रहा है।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने जनता को आश्वस्त किया है कि वे इस गंभीर समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर तकनीकी पहलुओं की जांच करने और जल्द से जल्द जनता को राहत दिलाने का भरोसा दिलाया है।