संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। निपुण हरियाणा मिशन के तहत दूसरी और तीसरी के विद्यार्थी अब निपुण हरियाणा पेरेंट एप से पढ़ाई करेंगे। गुरुग्राम के शिक्षकों और मेंटरों के जरिए अभिभावकों को एप से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।
शिक्षा विभाग के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान को विकसित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि जिन विद्यार्थियों के अभिभावकों के पास स्मार्टफोन हैं उन्हें निपुण हरियाणा पेरेंट एप डाउनलोड करवाकर इससे जोड़ा जाए।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार अवकाश के दौरान दी गईं गतिविधि आधारित गृहकार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। साथ ही अभिभावकों को निपुण हरियाणा पेरेंट व्हाटसएप चैनल से भी जोड़ा गया है ताकि उन्हें समय-समय पर आवश्यक जानकारी और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ी अपडेट मिल सकें।