गुरुग्राम। डेयर चैलेंज को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी अधिक चर्चा है। ऐसे में अब माता-पिता की चिंता बढ़ गई है। लोग बच्चों को घर से बाहर अकेला नहीं जाने दे रहे हैं। इस चैलेंज की वीडियो वायरल होने के साथ ही जिला प्रशासन से कार्रवाई की गुहार भी लगाई जा रही है।
सोशल मीडिया पर सिनोविया टावर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक किशोरी सोसाइटी की 22वीं मंजिल के फ्लैट के बाहर बने स्पोर्टिंग छज्जे पर चलते दिख रही है। करीब एक फीट चौड़े रैंप पर बिना किसी सहारे व सुरक्षा के चलने से हादसे का खतरा बना हुआ है। वीडियो में बताया जा रहा है कि किशोरी रैंप पर तीसरा चक्कर काट रही है। यह टावर तमिलनाडु में स्थित है जहां से यह चैलेंज दिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर एक महिला पूजा तलवार ने यह वीडियो अपलोड कर लोगों को आगाह किया है। उन्होंने बताया कि इन दिनों व्हाट्सएप डेयर चैलेंज के नाम से यह वीडियो वायरल हो रही है। लोगों को सतर्क रहते हुए बच्चों को इससे दूर रखना होगा। उन्होंने जिला उपायुक्त से भी आग्रह किया कि वह इस मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई करें। वहीं, रीना आहूजा ने भी वीडियो को अपलोड करते हुए ऐसे चैलेंज देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की जिला उपायुक्त से मांग की है।