कई अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नगर परिषद कार्यालय पर बुधवार सुबह मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने छापा मारा। इस दौरान एसआई सतेन्द्र कुमार की अगुवाई में टीम द्वारा निरीक्षण करने पर अधिकांश कर्मचारी ड्यूटी से गैरहाजिर पाए गए। सीएम फ्लाइंग के निरीक्षण से नगर परिषद सहित अन्य विभागों में भी हड़कंप मच गया। नूंह तहसीलदार तरूण प्रकाश को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। सुबह निरीक्षण में नगर परिषद के ईओ सुरेश कुमार कार्यालय में हाजिर मिले। टीम ने उन्हें साथ लेकर ड्यूटी रजिस्टर चेक किया। टीम ने पाया कि कार्यालय में कुल 28 कर्मचारी नियुक्त हैं, जिनमें से इब्राहिम चौकीदार, अजय कुमार इलेक्ट्रीशियन, सलीमुद्दीन चौकीदार, साहिद चपरासी, नितिन शर्मा टीसीओ, रिंकू डीईओ हाजिर मिले। साथ ही 2 कर्मचारी उपायुक्त कार्यालय नूंह में लगे हैं, जिनकी हाजिरी उपायुक्त कार्यालय नूंह में लगाई जाती है। वहीं सचिव धर्मबीर का एक शिकायत संख्या 226-2012/21 के संबंध में चंडीगढ़ हाईकोर्ट जाना ज्ञात हुआ। रिकॉर्ड से पता चला कि सफाई के लिए 3 ट्रैक्टर लगे हैं, जिनकी लॉक बुक 29 अप्रैल 2023 तक की भरी पाई गई, जोकि लॉक बुक पूर्ण नहीं पाई गई। वहीं प्रॉपर्टी आईडी के 1 जनवरी 2023 से कुल 746 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 497 को अप्रूव कर दिया पाया गया। साथ ही 273 कैंसिल कर दिए गए व 16 पेंडिंग पाए गए। वर्ष 2023 में अब तक 10 सीएम विंडो पर शिकायत पाई गई, जिनमें से 4 के जवाब बनाए जा चुके हैं, 6 के जवाब बनाए जाने पेंडिंग हैं।
फोटो: नूंह नगर परिषद में औचक निरीक्षण करती सीएम फ्लाइंग की टीम।