गुरुग्राम। मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को जिले को 7272.57 लाख रुपये की पांच परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें से दो की आधार शिला और तीन का शिलान्यास चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे।
जिन परियोजनाओं का लोकार्पण होगा। उनमें 50 लाख की लागत से सीएसआर के तहत बनाया गया किसान ट्रेनिंग हॉस्टल और 663.25 लाख की लागत से पटौदी क्षेत्र के गांव मुसैदपुर में बनाया गया आईटीआई संस्थान है। इसके अलावा 1100 लाख की लागत से मानेसर के सेक्टर एक का कम्युनिटी सेंटर शामिल है। इन तीन परियोजनाओं के अलावा दो अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। जिनमें 4705.32 लाख रुपये की लागत से सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल का विस्तार और 754 लाख रुपये की लागत से मानेसर में स्वर्ण जयंती पर्यावरण प्रशिक्षण संस्थान शामिल है।
गुरुग्राम में सेक्टर-10 का नागरिक अस्पताल वर्तमान में 100 बेड की क्षमता का है। इस अस्पताल को अपग्रेड करके 200 बेड का बनाया जाएगा जिसकी आधारशिला रविवार को मुख्यमंत्री के हाथों रखी जानी है। गुरुग्राम में यह कार्यक्रम लोक निर्माण विश्रामगृह में आयोजित होगा। जिसमें उपायुक्त डा. यश गर्ग, सांसद, विधायक तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।