कहा- गावों तक मूलभूत सुविधाएं बिजली, पानी, सड़क मुहैया कराओ
उपायुक्त से मांगी जिले की रिपोर्ट, योजनावार दिए बेहतरी के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बृहस्पतिवार को सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। इसके लिए उपायुक्त से जिले की ऑनलाइन रिपोर्ट तलब की। इस दौरान अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गांवों की ढाणियों तक स्थानीय लोगों को मूलभूत सुविधा बिजली, पानी, सड़क मुहैया कराओ। परिवहन विभाग सुनिश्चित करे कि स्कूली छात्र-छात्राओं के पास बनाने की प्रक्रिया आसान हो। छात्रों को पर्याप्त बस सेवाएं उपलब्ध करवाएं। पंचायती जमीन पर वन विभाग पौधरोपण कर पर्यावरण संपदा में बढ़ोतरी करें।
लघु सचिवालय के एनआईसी सभागार में आयोजित हुई इस वीडियो कांफ्रेंस में जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने भी अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनु श्योकंद से स्वच्छ भारत मिशन को प्रभावी ढंग से गांवों में चलाने के लिए कहा। गांवों को साफ-सुथरा बनाने के लिए ग्राम पंचायतों और गांवों में तैनात सरकारी कर्मचारियों जैसे पटवारी, ग्राम सचिव, पशु चिकित्सक, आंगनवाड़ी वर्कर, आशा वर्कर का पूरा सहयोग लेने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जलजीवन मिशन, पशुधन बीमा योजना की रिपोर्ट दें। खेल अधिकारी संधूबाला को उन्होंने निर्देश दिए कि युवाओं के लिए खेल सुविधाएं मुहैया करवाने की दिशा में और प्रयास करें। पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता अजय शर्मा को गांवों में चल रहे विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करवाने के लिए कहा गया। इस अवसर पर अतिरिक्त श्रम आयुक्त कुशल कटारिया, जिला खनन अधिकारी अनिल कुमार, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल तंवर, महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी नेहा दहिया, ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला समन्वयक दीप्ति मौजूद रहे।