हरियाणा राज्य स्तरीय चेस प्रतियोगिता में किया शानदार प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित चेस प्रतियोगिताओं में सेक्टर-45 की फाउंडेशन चेस एकेडमी के छात्र लोहा मनवा रहे हैं। अपनी चाल से प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को परास्त कर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
एकेडमी के कोच संजय छाबड़ा ने बताया कि बहादुरगढ़ स्थित के आर मंगलम वर्ल्ड स्कूल में आयोजित हरियाणा राज्य स्तरीय चेस प्रतियोगिता के अंडर 11 गर्ल्स वर्ग में आन्या आनंद ने बेहतरीन प्रदर्शन कर 6/6 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, गुरुग्राम के साइबर हब में आयोजित चेस प्रतियोगिता में अर्जुन मयंक ने 5/6 अंकों के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया।
उनका कहना है कि यूएसए में आयोजित तीन दिवसीय वर्ल्ड ओपन अंडर 1200 रेटिंग प्रतियोगिता में एकेडमी के छात्र त्रिशान धमीजा ने 6.5/9 अंकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों को विजयी होने पर पुरस्कृत भी किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।