दो से तीन बीएचके फ्लैटों की कीमत 25 से 35 लाख के बीच होगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला नगर योजनाकार विभाग ने चार किफायती आवासीय परियोजनाओं के लिए बिल्डरों को लाइसेंस जारी किए हैं। इन योजनाओं के तहत करीब साढ़े तीन हजार फ्लैट बनेंगे। दो से तीन बीएचके फ्लैट की कीमत करीब 25 से 35 लाख रुपये के बीच होगी।
वरिष्ठ नगर योजनाकार रेणुका सिंह के अनुसार, सोहना और रेवाड़ी में चार किफायती आवासीय परियोजनाओं को लाॅन्च करने के लिए बिल्डरों ने लाइसेंस लिए हैं। सरकार की तय दरों के मुताबिक फ्लैट 4500 रुपये प्रति वर्ग फीट पर मिलेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। योजना के अनुसार पांच प्रतिशत राशि जमा करनी होगी, जबकि आवंटन मिलने के बाद एक माह में 20 प्रतिशत देनी होगी। शेष पैसे किस्तों में चार साल तक देने होंगे।
बता दें कि सोहना की एस्टर एवेन्यू सोसाइटी में पहले हुए ड्राॅ में गड़बड़ी सामने आई थी। करीब 700 फ्लैटों के लिए 51 हजार लोगों ने आवेदन किया था, लेकिन ड्राॅ केवल 2200 लोगों के बीच ही हुआ। मामला मामले आने पर विभाग ने यह ड्राॅ रद्द कर दिया और नए सिरे से आवंटन पत्र जारी किए। ई-ड्राॅ पोर्टल में सुधार किया जा रहा है।
प्रॉपर्टी सलाहकार वीएमके सिंह ने बताया कि गुरुग्राम शहर में प्रॉपर्टी के रेट अधिक हैं। उन्होंने बताया कि द्वारका एक्सप्रेसवे और एसपीआर पर फ्लैट की कीमत काफी अधिक है। ऐसे में सोहना की किफायती आवासीय परियोजनाओं का लोगों को लाभ मिलेगा। गुरुग्राम-सोहना हाईवे बनने से यातायात में काफी सुधार हुआ है। सोहना में प्रॉपर्टी की ओर से लोगों को रुझान बढ़ा है।