आ़ज रात 11 बजे से ट्रैफिक की नई व्यवस्था होगी लागू
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा मानेसर बस स्टैंड पर फ्लाईओवर निर्माण का कार्य किया जाएगा। इस काम के दौरान आईएमटी मानेसर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात दबाव बढ़ने की संभावना है, खासकर NH-48 पर जयपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर। इसी को देखते हुए ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है ताकि लोगों को परेशानी कम हो सके। आ़ज रात 11 बजे से ट्रैफिक की नई व्यवस्था लागू होगी।
नई व्यवस्था के अनुसार, आईएमटी मानेसर क्षेत्र से जयपुर जाने वाले वाहन चालक अब सेक्टर-आठ आईएमटी रोड का इस्तेमाल करेंगे। इसके बाद वे टीसीआई फ्लाईओवर से होते हुए पटौदी रोड पहुंचेंगे और वहां से कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे (केएमपी) फ्लाईओवर के जरिए पटौदी टोल प्लाजा तक जाएंगे। इसके बाद वाहन केएमपी एक्सप्रेसवे से होते हुए पचगांव चौक पर नीचे उतरकर फिर एनएच-48 से जयपुर की ओर जा सकेंगे।
वहीं, जयपुर से दिल्ली की ओर आने वाले वाहन चालकों के लिए भी मार्ग बदला गया है। उन्हें मानेसर भीष्म मंदिर के सामने बनी सर्विस रोड का उपयोग करते हुए दिल्ली की तरफ जाना होगा। अधिकारियों का कहना है कि यह बदलाव फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान यातायात को सुचारू रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए किया गया है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे नए रूट का पालन करें और यातायात नियमों का ध्यान रखें।