13वीं हरियाणा राज्य सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता संपन्न, राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मिलेगा मौका
नंबर गेम -03 हजार मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में जीता पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नवदीप स्टेडियम में रविवार को आयोजित दो दिवसीय 13वीं हरियाणा राज्य ओपन सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता में जिले की एथलीट चंचल ने तीन हजार मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 22 जिलों से पहुंचे एथलीटों ने विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। अंतिम दिन खिलाड़ियों के बीच पदकों के लिए कड़े मुकाबले देखने को मिले। चंचल के स्वर्ण पदक के साथ जिले ने चैंपियनशिप में एक स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी उपलब्धि पर जिले के खेल जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताई।
समापन समारोह में एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के सदस्य राजकुमार मिटान, एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह और नरवाना के एडीए संजीत सिंह बैनीवाल मुख्य रूप से मौजूद रहे। खेल मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतिम दिन ट्रैक और फील्ड की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव प्रदीप मलिक ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को एथलेटिक्स हरियाणा के उपाध्यक्ष जितेंद्र बांगड़, वरिष्ठ संयुक्त सचिव कुलदीप अहलावत, नरवाना के चीफ कोच बीरबल और एथलेटिक्स कोच सतीश ने सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।