यातायात पुलिस ने सोहना चौक पर लगाई गई बड़ी डिस्प्ले
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिन वाहनों के यातायात चालान जमा नहीं कराए गए हैं, उन वाहनों के चालान सोहना चौक पर लगाई गई बड़ी एलईडी डिस्प्ले पर दिखाई दे रहे हैं। यातायात पुलिस ने ट्रायल के लिए सोहना चौक पर हाईटेक कैमरे व डिस्प्ले लगाई है। फिलहाल मोर चौक से सोहना चौक की ओर जाने वाले वाहनों के नंबर ही एलईडी डिस्प्ले पर दिखाई देते हैं। इस डिस्प्ले पर यातायात नियम तोड़ने वालों के वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और चालान की संख्या व जुर्माना राशि दर्शायी जाती है।
यह पहल गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा पायलट प्रोजेक्ट के तहत की गई है। इसका उद्देश्य नियम तोड़ने वालों को सबक सिखाना हैं और वाहन चालकों में यातायात नियम का पालन करने के लिए जागरूकता बढ़ाना है। फिलहाल एलईडी डिस्प्ले पर किसी वाहन का पहले भी कोई चालान कटा है या नियमों के उल्लंघन का इतिहास रहा है, तो उसकी जानकारी दिखाई दे रहे हैं। यातायात पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर नाम और नंबर डिस्प्ले होने से चालकों में नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी बढ़ेगी। यदि सोहना चौक पर यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो पुलिस प्रशासन शहर के अन्य व्यस्त चौराहों पर भी ऐसी एलईडी स्क्रीन लगाने की योजना बना रहा है।
प्रदूषण सर्टिफिकेट की समयावधि खत्म होने भी जानकारी मिल रही
मोर चौक की ओर से सोहना चौक की रेडलाइट पर वाहन रुकता है तो सामने लगे कैमरे वाहन की नंबर प्लेट को स्कैन करके वाहन का नंबर व चालानों की संख्या जुर्माना राशि सहित दिखाता है। इसमें वाहन के प्रदूषण सर्टिफिकेट की समयावधि खत्म होने के बारे में भी डिस्प्ले पर जानकारी दी जा रही है। वहीं, जिन वाहनों के चालान नहीं कटे हैं, उनके नंबर के साथ नो चालान लिखा जा रहा है।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर लगेगी लगाम
एलईडी डिस्प्ले पर वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर, चालान की संख्या व जुर्माना राशि दिखाई देती है। ऐसे में वाहन चालकों को अपने वाहन नंबर दिखाई देने पर वे यातायात नियमों को नहीं तोड़ेंगे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ई-चालान और डिजिटल डिस्प्ले का संयोजन अब वाहन चालकों की मनमानी पर लगाम लगाएगा। शहर की सड़कों पर वाहन चलाते समय सीट बेल्ट, हेलमेट लगाने के साथ ही रेडलाइट जंप नहीं करेंगे। वहीं, जिन वाहनों के प्रदूषण सर्टिफिकेट की समयावधि समाप्त हो चुकी है, उनके चालान भी ऑनलाइन कटेंगे।
सोहना चौक पर एलईडी डिस्प्ले को ट्रायल के लिए लगाया गया है। ट्रायल में डिस्प्ले का काम देखा जा रहा है। कैमरे किस तरह से काम कर रहे हैं, इसकी भी मॉनिटरिंग की जा रही है। जल्द ही अन्य चौक पर इस तरह के कैमरे व डिस्प्ले लगाई जाएंगी।
- सत्यपाल यादव, एसीपी (यातायात मुख्यालय/हाईवे), गुरुग्राम