-अगस्त में 47 लाख 97 हजार 500 रुपये का लगाया गया जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। यातायात पुलिस ने अगस्त महीने में गलत पार्किंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 5427 वाहन चालकों के चालान किए गए। चालान कार्रवाई में कुल 47 लाख 97 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यातायात पुलिस के अनुसार गलत तरीके से वाहन खड़े करने के कारण कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। सड़क किनारे, मुख्य मार्गों और चौराहों पर अवैध पार्किंग से जाम की स्थिति बनती है। इससे अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस ने बताया कि ऐसे स्थानों की पहचान कर विशेष निगरानी की जा रही है, जहां गलत पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित होता है। पुलिस का उद्देश्य अवैध पार्किंग पर नियंत्रण स्थापित कर सड़कों को जाममुक्त और सुरक्षित बनाना है। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क किनारे, मुख्य मार्गों, चौराहों और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने से बचें। गलत पार्किंग करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।