-यातायात पुलिस ने 20.95 लाख रुपये का लगाया जुर्माना, 287 ई-रिक्शा चालकों पर भी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। यातायात पुलिस ने अगस्त में हाईवे, एक्सप्रेसवे और शहर की सड़कों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एक अगस्त से 31 अगस्त तक पुलिस ने खतरनाक ड्राइविंग करने वाले 411 वाहन चालकों के चालान काटकर 20.95 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रतीक गहलोत के निर्देश पर चलाए गए अभियान में तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाने, अचानक लेन बदलने और लापरवाही से ड्राइविंग करने वालों की निगरानी की गई। पुलिस के अनुसार ऐसे यातायात नियमों का उल्लंघन सड़क हादसों का प्रमुख कारण बनता है। अभियान के दौरान चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा की भी जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने पर 287 ई-रिक्शा चालकों के चालान किए गए। इनमें बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना, गलत स्थान पर पार्किंग और गलत दिशा में वाहन चलाना प्रमुख उल्लंघन रहे।
यातायात पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। यातायात नियमों का पालन कराने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।