गुरुग्राम। हाईवे और एक्सप्रेसवे पर लेन ड्राइविंग नियम तोड़ने वालों के साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने और प्रेशर हॉर्न प्रयोग करने वाले 4012 वाहन चालकों के चालान काटे गए। पांच सितंबर से 14 सितंबर तक विशेष अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है।
लेन बदलने पर 2855 चालान, साइलेंसर नॉन फंक्शनल के 46 चालान, अनाधिकृत सायरन व प्रेशर हॉर्न के 154 चालान और शराब पीकर वाहन चलाने पर 957 चालान काटे गए। काफी चालक हाईवे व एक्सप्रेसवे पर गलत लेन में अपने वाहनों को चलाते हैं। इनमें डंपर, ट्रक व हाइड्रा आदि शामिल हैं। इससे हाईवे पर चल रहे अन्य वाहनों के साथ टक्कर होने का खतरा बना रहता है। इसके साथ ही बुलेट बाइक में पटाखे से तेज आवाज करते हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात मुख्यालय/हाईवे) सत्यपाल यादव ने बताया कि विशेष अभियान चलाकर यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वाहन चालकों व नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम और कार्यशालाएं भी आयोजित की जाती हैं। ब्यूरो