यातायात पुलिस ने चालकों पर लगाया 18.25 लाख रुपये का जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में हाईवे व एक्सप्रेसवे पर गलत लेन में चलने वाले वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। अप्रैल माह के दौरान गलत लेन में चलने वाले 2,196 वाहनों के चालान काटे। उक्त वाहनों के चालकों पर 18.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रतीक गहलोत के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई है।
एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक गलत लेन में चलने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस द्वारा सही लेन में ड्राइविंग नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मॉनिटरिंग की गई और लेन ड्राइविंग की अवहेलना करने वाले 2,196 वाहन चालकों के नियमानुसार चालान किए गए। यह कार्रवाई दिल्ली-जयपुर हाईवे, द्वारका एक्सप्रेसवे और गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर की गई।
हाईवे व एक्सप्रेसवे पर गलत लेन में चलने वाले वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की संभावनाएं बढ़ जाती है। ऐसे में गलत लेन में चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे जा रहे हैं।
- सत्यपाल यादव, एसीपी (यातायात हाईवे/मुख्यालय), गुरुग्राम