देव आदित्य बने प्लेयर ऑफ द मैच, आज खेला जाएगा पावर मैक्स अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। पावर मैक्स अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में सेंचुरी ड्रीमर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगरतास क्रिकेट अकादमी को 65 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। पावर मैक्स अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल सोमवार को खेला जाएगा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंचुरी ड्रीमर्स ने 40 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सेंचुरी ड्रीमर्स की ओर से देव आदित्य ने 65 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि मेहताब हसन ने 62 रन बनाकर मजबूत शुरुआत दिलाई। अगरतास क्रिकेट अकादमी की ओर से अध्विक, वेदान, खुशांक, हिमनिश और सुजान ने एक-एक विकेट हासिल किया। 214 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अगरतास क्रिकेट अकादमी की टीम 147 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से वीरीन सिंह ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। वहीं अक्ष तनेजा ने 18, वेदान ने 14, खुशांक ने 11 और अभिमन्यु गुलिया ने 10 रन का योगदान दिया, लेकिन कोई भी बल्लेबाज टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सका। सेंचुरी ड्रीमर्स की ओर से गेंदबाजी में अबीर और सात्विक राज ने तीन-तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। देव आदित्य और प्रत्युष ने भी एक-एक विकेट लेकर जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन करने वाले देव आदित्य को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस प्रभावशाली जीत के साथ सेंचुरी ड्रीमर्स ने पावर मैक्स अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।