शिवमय हुआ शहर चहुंओर गूंजा हर-हर महादेव, धूमधाम से मनाई गई महाशिवरात्रि
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हर-हर महादेव के जयकारों के बीच शहर के लोगों ने भगवान शिव का विवाहोत्सव महाशिवरात्रि का पर्व मनाया। महादेव के उत्सव को लेकर गुरुग्राम में गजब का जोश दिखा। शहर के पुराने मंदिरों घंटेश्वर मंदिर, सिद्धेश्वर मंदिर, भूतेश्वर मंदिर, बाबा प्रकाशपुरी मंदिर, गुफा वाले मंदिर, कादीपुर स्थित बाबा रतन दास मंदिर समेत सभी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा था। लोगों ने गंगाजल, दूध, जल, बेलपत्र, चंदन, आक, भांग, धतूरा, बेर, गेंहू और चने की बालियां आदि मौसमी फलों और फसलों से भी भगवान शिव का पूजन किया। महिलाओं ने माता पार्वती और शिव के विवाह के गीत गाए। माता पार्वती को शृंगार की चीजें अर्पित की गईं। मंदिरों की ओर शिव बारात निकाली गई।
विशेष रुद्राभिषेक और झांकियां सजाईं
सेक्टर-45 स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। सेक्टर-109 स्थित श्री पीतांबरा सूर्यनारायण मंदिर में हरित शिवरात्रि मनाई गई। यहां सिंगल यूज प्लास्टिक की चीजों में पूजन सामग्री लाने पर रोक थी। सुबह और शाम वंचित परिवारों के लिए विशेष रुद्राभिषेक कार्यक्रम किया गया। गढ़ी ग्रीन कॉलोनी, इंपीरियल गार्डन में झांकियां निकाली और जागरण का कार्यक्रम हुआ। हीरो होम्स में भजन संध्या और रुद्राभिषेक का कार्यक्रम किया गया। सेक्टर-99 स्थित लक्ष्मी परीना सोसाइटी में महाशिवरात्रि पर भजन संध्या और मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
भगवान शिव की मूर्ति का अनावरण
सेक्टर-चार स्थित श्रीराम मंदिर में भगवान शिव की एक बड़ी मूर्ति की स्थापना की गई। इसके पहले कलशयात्रा निकाली गई। ब्रह्माकुमारी ओम शांति रिट्रीट सेंटर की ओर भजन मंडली के साथ सेक्टर में शोभा यात्रा निकाली गई। मंदिर के अध्यक्ष आरपी शर्मा ने बताया कि मंदिर के पार्क परिसर में एक बड़ी शिव मूर्ति लगाई गई।
बुराइयों से मुक्त होने की प्रतिज्ञा ली, केक काटे
ब्रह्माकुमारीज के बहोड़ाकलां स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर में महाशिवरात्रि का पावन पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती के अवसर पर शिव ध्वज फहराया गया। शिव ध्वज के नीचे सबने बुराइयों से मुक्त होने की प्रतिज्ञा की। केक काटकर भी शिवरात्रि की खुशियां मनाई गईं। इस अवसर पर सभी ने एक दूसरे को बधाइयां दीं।