संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में कैमरे लगवाने को लेकर बृहस्पतिवार को सोहना के एसडीएम प्रदीप सिंह ने व्यापार मंडल संघ और नगर परिषद अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सोहना में विकास कार्यों, विभिन्न मुद्दों व समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में व्यापार मंडल संघ के प्रधान मनोज राघव बजरंगी, चेयरमैन प्रतिनिधि लेखराज, पार्षद हरीश नंदा, कार्यकारी अभियंता विक्की कुमार, एमई राजपाल, जेई दिग्विजय मौजूद थे।
व्यापार मंडल संघ के प्रधान मनोज राघव बजरंगी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह द्वारा शहर में कैमरे लगाने के लिए 21 लाख रुपये मंजूरी कराए थे। एसडीएम प्रदीप सिंह ने व्यापार मंडल संघ, पुलिस विभाग व नगर परिषद की एक कमेटी गठन की बात कही। यह कमेटी शहर में कैमरे लगाने के लिए सर्वे कराकर जगह चिन्हित करेगी। कंट्रोल रूम शहर थाना सोहना में व्यवस्थित करने की बात भी कही। कमेटी का गठन एक-दो दिन में किया जाएगा, जिसमें नगर परिषद से एक, एसीपी के नेतृत्व में एक अधिकारी और व्यापार मंडल संघ की ओर से चार लोग शामिल होंगे।
वार्ड पार्षद हरीश नंदा ने वार्ड-16 में लाइट नहीं जलने, नालियों की सफाई व गली निर्माण को लेकर वर्क आर्डर जारी करने के मांग की। एसडीएम ने कार्यकारी अभियंता विक्की कुमार को वर्क आर्डर जारी करने के निर्देश दिए। बृहस्पतिवार को ही वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए। उन्होंने शहर की लाइट ठीक करने वाले ठेकेदार के वर्क ऑर्डर को सस्पेंड करने के लिए निर्देश जारी करने के लिए कहा। दमदमा रोड पर रेड लाइट का मुद्दा बैठक में उठा, जिस पर जेई दिग्विजय सिंह ने रोड कटिंग की अनुमति पीडब्ल्यूडी विभाग से लेने की बात कही। वहीं दूसरे रोड पर केबल पार करने के लिए गुरुग्राम रोड पर कटिंग करनी है। ऐसे में एसडीएम प्रदीप सिंह ने एनएचएआई के अधिकारियों से बात करके जल्द ही इसका समाधान करने के निर्देश दिए। दमदमा रोड पर दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया। स्टेडियम में भी घास काटने की मशीन, पीने के पानी की व्यवस्था, रेहड़ी की व्यवस्था भी जल्द कराने के निर्देश जारी किए हैं।