ब्लॉक स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में सेक्टर-50 के डीपीएस, डीपीएस-84 और मैट्रिकिरण ने बनाई सेमीफाइनल में जगह
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के तहत वॉलीबॉल और बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अंडर-14 बालिका वॉलीबाल प्रतियोगिता में सीसीए स्कूल सेक्टर-4 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता के मुकाबले नेहरू स्टेडियम में खेले गए।
प्रतियोगिता के पहले मैच में ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल ने सेक्टर-10 स्थित यूरो स्कूल को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराया। दूसरे मैच में डीएवी स्कूल ने सेक्टर-45 स्थित डीपीएस को 2-0 से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में हेरिटेज स्कूल ने सलवान पब्लिक स्कूल को 2-0 से शिकस्त दी, जबकि चौथे मैच में सेक्टर-4 स्थित सीसीए स्कूल ने शिव नाडर स्कूल को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहले सेमीफाइनल में सेक्टर-14 स्थित डीएवी स्कूल ने ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल को 2-0 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में सेक्टर-4 स्थित सीसीए स्कूल ने हेरिटेज स्कूल को 2-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में सेक्टर-4 स्थित सीसीए स्कूल की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सेक्टर- 14 स्थित डीएवी स्कूल को सीधे सेटों में 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
ताऊ देवीलाल स्टेडियम में हुआ बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन
वहीं, बास्केटबॉल प्रतियोगिता के मुकाबले ताऊ देवीलाल स्टेडियम में खेले गए। पहले मुकाबले में सेक्टर-50 स्थित डीपीएस इंटरनेशनल स्कूल ने शिव नाडर स्कूल को 15-6 से हराया। दूसरे मैच में सेक्टर -84 स्थित डीपीएस ने सलवान पब्लिक स्कूल को 32-17 से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में मैट्रिकिरण स्कूल ने शिक्षांतर स्कूल को 23-15 से शिकस्त दी। इन जीतों के साथ तीनों टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
-
ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा विभाग लगातार प्रयासरत है और बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे जिला व राज्य स्तर पर अवसर दिए जाएंगे। -जगदीश अहलावत, एईओ
खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है, जो उनके भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है। -इंदु बोकन, जिला शिक्षा अधिकारी