गुरुग्राम। बेगमपुर-खटौला गांव में पशु व्यापारी भाइयों से मारपीट के मामले में सरपंच व परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना की जानकारी के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई में देरी कर दी। पुलिस पर उनका आरोप हल्की धाराएं लगाने का भी है। उधर, पुलिस मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर फतेह सिंह का कहना है कि बृहस्पतिवार तक मेडिकल रिपोर्ट मिल जाएगी। उसमें चोटें गंभीर मिलती हैं तो धाराएं बढ़ा दी जाएंगी।
इस बीच, मारपीट में घायल नासिर की हालत बुधवार को बिगड़ गई। उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। वहां उसकी हालत स्थिर है। पुलिस ने इस मामले में खटौला गांव निवासी आदेश व दिलबाग को गिरफ्तार किया है। ये दोनों गांव में डेयरी चलाते हैं। इन दोनों को बुधवार को कोर्ट से जमानत मिल गई। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को 10 वर्ष से जानते हैं। कुछ दिन पहले कटड़े के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। इसी मामले में मंगलवार को मारपीट हुई। घायलों के परिजन पुलिस की दलील को नकार रहे हैं।