गुरुग्राम। सप्ताह के अंतिम दो दिन बाजार खोलने के प्रशासन के फैसले के बाद शनिवार को बाजार में लोगों की भीड़ दिखी। हालांकि खरीदारी करने पहुंचे लोग कोरोना को लेकर लापरवाह दिखाई दिए। ज्यादातर लोगों ने मास्क तक नहीं लगाए थे। कुछ लोग ऐसे भी थे, जिन्होंने मास्क महज दिखावे के लिए लगाया था। उधर, बाजार में उमड़ी खरीदारों की भीड़ से दुकानदारों के चेहरे खुशी से खिल उठे। हालांकि, दुकान में आने वाले लोगों के बीच दुकानदारों ने सामाजिक दूरी बनवाई।
प्रशासन के आदेश के बाद शनिवार को बाजार खुल गए। सुबह लोग खरीदारी के लिए असमंजस में दिखे। दोपहर बाद लोग घरों से बाहर निकलने लगे। इसके बाद बाजार में काफी संख्या में लोग पहुंच गए। कपड़े, शृंगार, मिठाई समेत अन्य दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी गई। बाजार में कई लोग ऐसे थे, जो बिना मास्क ही पहुंच गए थे। कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को देखकर ही मास्क लगा लिए। इस दौरान काफी दुकानदारों ने ग्राहकों के बीच सामाजिक दूरी का पालन कराया। कुछ दुकानदार ऐसे भी थे, जिन्होंने मास्क लगाए बिना लोगों को दुकान में प्रवेश नहीं करने दिया।
अनलॉक में बाजार से ग्राहक गायब हो गए थे। शनिवार और रविवार को ही बाजार में ग्राहकों की भीड़ होती थी और इन्हीं दिनों में प्रशासन ने बाजार बंद करा दिया था। ऐसे में दुकान का खर्च भी नहीं निकल रहा था। शनिवार को बाजार खुला और ग्राहकों की अच्छी भीड़ आई। दुकानदारी अच्छी होने से राहत मिली है।
- मुकेश सक्सेना, दुकानदार, सदर बाजार
लंबे समय बाद दुकान को ग्राहकों से भरा देख रहा हूं। खुश हूं कि पहले की तरह माहौल बनता दिख रहा है। हालांकि कोरोना संक्रमण फैलने के डर से बिना मास्क लगाए लोगों को दुकान में प्रवेश नहीं दिया जा रहा।
- पवन यादव, दुकानदार, सदर बाजार